ओरछा। रामराजा सरकार की नगरी ओरछा रविवार को मध्यप्रदेश भाजपा के बड़े राजनीतिक मंथन की गवाह बनी। करीब 14 साल बाद यहां भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। दो दिवसीय बैठक के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित प्रदेशभर से करीब 350 से ज्यादा वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य जुटे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव मिशन-2028 की तैयारी का रोडमैप तैयार करने पर जोर रहा।
पहले दिन ‘मन की बात’ से शुरुआत, फिर संगठन और राजनीति पर मंथन
प्रदेश कार्यसमिति की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण से हुई। इसके बाद उद्घाटन सत्र में संगठनात्मक और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मिशन-2028 के लिए अभी से कमर कसने का संदेश
बैठक का सबसे बड़ा फोकस आगामी विधानसभा चुनाव रहा। भाजपा नेतृत्व ने संगठन को चुनावी तैयारी में सक्रिय करने, बूथों को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया। पार्टी के लिए अगले तीन महीने के संगठनात्मक कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
Gen-Z पर खास नजर, युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति
बैठक में युवा वर्ग, खासकर Gen-Z, तक भाजपा की पहुंच बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। हाल के महीनों में युवाओं के बीच सामने आए आंदोलनों और बदलती राजनीतिक सोच को देखते हुए पार्टी सोशल मीडिया और नए डिजिटल माध्यमों के जरिए युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार कर रही है।
बूथ को बनाया जाएगा संगठन की सबसे मजबूत कड़ी
भाजपा का फोकस अब केवल बड़े कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा। बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण बढ़ाने और सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर जोर दिया गया। पार्टी का लक्ष्य संगठन को चुनाव से काफी पहले पूरी तरह सक्रिय करने का है।
‘विकसित भारत 2047′ और सेवा-समरसता पर भी चर्चा
बैठक में विकसित भारत-2047, सामाजिक समरसता और सेवा गतिविधियों को संगठन के अभियान से जोड़ने पर भी विचार हुआ। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को इन अभियानों से जोड़ने की रणनीति पर मंथन किया गया।
रामराज्य का संकल्प, शिवराज ने दिया कार्यकर्ताओं को संदेश
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामराज्य की स्थापना को भाजपा का लक्ष्य बताया। ओरछा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देखते हुए बैठक में संगठन के साथ सेवा और सुशासन के संकल्प को भी प्रमुखता दी गई।
आज की बैठक ने साफ किया भाजपा का अगला एजेंडा
ओरछा की बैठक से भाजपा ने संकेत दिया है कि 2028 का चुनाव भले अभी दूर हो, लेकिन उसकी तैयारी संगठन स्तर पर अभी से शुरू हो चुकी है। युवा, बूथ, सोशल मीडिया, सरकार की योजनाएं और संगठन की एकजुटता भाजपा की आगामी रणनीति के प्रमुख आधार रहेंगे। दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन ‘सेवा संकल्प अभियान’ और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है।


