सागर जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर विवाद, 1350 वोट पड़े, गिन दिए 1355, 5 मतों के अंतर पर फिर होगी अध्यक्ष पद की गिनती

स्टेट बार कौंसिल का आदेश: 2 सितंबर को हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की मौजूदगी में होगी पुनर्मतगणना
सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर के हालिया चुनाव में अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। मध्यप्रदेश स्टेट बार कौंसिल ने अध्यक्ष पद के मतों की पुनर्मतगणना कराने का आदेश दिया है। पुनर्मतगणना 2 सितंबर को हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज के सामने कराई जाएगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश जारी किए गए हैं।
मामले में सबसे अहम आधार मतदान और मतगणना के आंकड़ों में सामने आया अंतर है। अपील में बताया गया कि चुनाव में 1350 मत गिरे थे, जबकि मतगणना 1355 मतों की हुई। यानी 5 मत अधिक गिने जाने का मामला सामने आया। स्टेट बार कौंसिल की समिति ने इस आधार को प्रथम दृष्टया महत्वपूर्ण मानते हुए पुनर्मतगणना का निर्देश दिया है।
निर्वाचन अधिकारी ने मांग खारिज की थी, अब बार कौंसिल ने दिया आदेश
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एडवोकेट संजय द्विवेदी ने चुनाव परिणाम के बाद निर्वाचन अधिकारी के समक्ष मतों की पुनर्मतगणना की मांग की थी। हालांकि उनकी मांग को निर्वाचन अधिकारी ने निरस्त कर दिया था। इसके बाद उन्होंने मध्यप्रदेश स्टेट बार कौंसिल के समक्ष अपील प्रस्तुत की।
अपील पर सुनवाई के दौरान मतदान और मतगणना के आंकड़ों में अंतर का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। समिति ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए अब अध्यक्ष पद के मतों की दोबारा गिनती कराने का निर्णय लिया है।
2 सितंबर को तय होगा मतों का हिसाब
स्टेट बार कौंसिल के निर्देश के अनुसार 2 सितंबर को अध्यक्ष पद के मतों की पुनर्मतगणना होगी। खास बात यह है कि यह प्रक्रिया हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज के सामने कराई जाएगी। इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
पुनर्मतगणना के बाद अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। पांच मतों के अंतर का असर परिणाम पर पड़ता है या नहीं, यह पुनर्गणना के बाद ही सामने आएगा।
विवाद की वजह क्या?
1350 — चुनाव में पड़े मत
1355 — मतगणना में गिने गए मत
5 — मतदान और मतगणना में अंतर
2 सितंबर — पुनर्मतगणना की तारीख
स्थान/प्रक्रिया — हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज के सामने

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!