अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट पर सख्त एक्शन, धतूरे की बिक्री पर फूड लाइसेंस सस्पेंड

बेंगलुरू. ऑनलाइन ग्रॉसरी और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से घर का सामान मंगाने वाले ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है. कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिए हैं. यह कार्रवाई इन प्लेटफॉर्म्स पर जहरीले पौधे धतूरे के फल और बीजों को खाद्य उत्पाद के तौर पर लिस्ट किए जाने के बाद की गई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने तीनों कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. विभाग ने प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे से संबंधित सभी लिस्टिंग और विज्ञापन तत्काल हटाने तथा इसे इंसानों के खाने के लिए बेचने और वितरित करने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है.

विभाग के अनुसार, अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट पर धतूरे के फल और बीजों को फूड प्रोडक्ट के रूप में पेश किया जा रहा था. खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए इन कंपनियों के फूड लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक यह निलंबन जारी रहेगा.

धतूरा यानी थॉर्न एपल नाइटशेड परिवार का जहरीला पौधा है. इसके फल और बीजों में ऐसे विषैले तत्व पाए जाते हैं, जिनका सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है. अधिकारियों के मुताबिक, बिना उचित प्रक्रिया के धतूरे का सेवन करने से गंभीर विषाक्तता हो सकती है. ज्यादा मात्रा में सेवन करने पर व्यक्ति कोमा में जा सकता है और मौत तक हो सकती है.

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि धतूरे के फल और बीजों को इंसानों के खाने के लिए खाद्य सामग्री के रूप में रखना, बेचना या वितरित करना प्रतिबंधित है. इसी के चलते तीनों ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को ऐसी सभी सामग्री हटाने और भविष्य में इसकी खाद्य उत्पाद के तौर पर बिक्री रोकने का निर्देश दिया गया है. विभाग की इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर खाद्य उत्पादों की लिस्टिंग और उनकी सुरक्षा जांच को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल तीनों कंपनियों की ओर से इस कार्रवाई पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!