मध्य प्रदेश पुलिस की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के साथ अपने साहस और पर्वतारोहण के जुनून का ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसने जबलपुर को गौरवान्वित किया है. वर्षा ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर सफलतापूर्वक पहुंचकर तिरंगा और मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया. उन्होंने 21 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजकर 7 मिनट पर करीब 18,510 फीट की ऊंचाई पर स्थित शिखर पर कदम रखा. इस उपलब्धि के साथ वर्षा ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत करने के साथ ही देश और प्रदेश की महिला पुलिसकर्मियों के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है.
जबलपुर के गढ़ा क्षेत्र में रहने वाली वर्षा पटेल पुलिस सेवा के साथ खेल और पर्वतारोहण में भी सक्रिय रही हैं. वह गौरीशंकर पटेल की बेटी हैं. बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाली वर्षा ने पहले राष्ट्रीय स्तर पर बेसबॉल में अपनी प्रतिभा दिखाई. राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने 10 से अधिक पदक अपने नाम किए. खेल के मैदान से शुरू हुआ उनका यह सफर धीरे-धीरे पहाड़ों की ऊंचाइयों तक पहुंच गया और अब माउंट एल्ब्रुस की चढ़ाई उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ चुकी है.
वर्षा की माउंट एल्ब्रुस यात्रा आसान नहीं थी. अभियान की शुरुआत 11 अगस्त से हुई थी. रूस में स्थित इस पर्वत पर चढ़ाई के दौरान टीम को तेज हवाओं, कड़ाके की ठंड और खराब मौसम का सामना करना पड़ा. ऊंचाई बढ़ने के साथ मौसम की कठिनाइयां भी बढ़ती गईं. अंतिम चरण में मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण शिखर तक पहुंचने का प्रयास कई दिनों के लिए टालना पड़ा. पर्वतारोहियों के लिए इस तरह की परिस्थितियां शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता की भी परीक्षा लेती हैं.


