सीएम मोहन यादव का स्वतंत्रता दिवस पर बड़ा ऐलान, एक लाख युवाओं को रोजगार देंगे

भोपाल. मध्य प्रदेश में 80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह शनिवार को राजधानी के लाल परेड मैदान में आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली. इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास, किसानों, युवाओं और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.

मुख्यमंत्री ने बताया कि, भोपाल से जल्द ही शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू होगी. वहीं, वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाने और एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं और अदम्य साहस के लिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को पदक देकर सम्मानित किया गया.

भोपाल से शारजाह के लिए जल्द शुरू होगी सीधी उड़ान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए भोपाल से शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि, इससे मध्य प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी. साथ ही व्यापार, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में भी प्रदेश को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.

किसानों को जमीन के बदले मिलेगा चार गुना मुआवजा

मुख्यमंत्री ने किसानों से जुड़ी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि, ”विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन लिए जाने पर उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जा रहा है. सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास और किसान कल्याण के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास कर रही है.

2027 होगा युवा वर्ष, एक लाख से ज्यादा रोजगार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के लिए भी बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि, वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा. इस दौरान सरकार का लक्ष्य एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!