बागेश्वर धाम प्रमुख के भाई पर फायरिंग का आरोप: किसान बोला- जमीन बेचने का दबाव बनाया, मना किया तो गोली चला दी

छतरपुर संवाददाता 
एमपी के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में मंगलवार को फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने अपने साथियों के साथ मारपीट की और उन पर गोली चला दी। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान या एफआईआर की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घायल किसान का आरोप है कि क्षेत्र में किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। जो किसान जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और मारपीट की जाती है। इसी विवाद के दौरान उनके साथ यह घटना हुई।
मोतीलाल कुशवाहा के मुताबिक, घटना के समय शालिग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा और दो-तीन अन्य लोग मौजूद थे। पहले उनके साथ मारपीट की गई, फिर पिस्तौल से तीन-चार राउंड फायर किए गए। उनका दावा है कि गोली उनके कान के पास लगी और सिर पर डंडे से भी वार किया गया। उनका कहना है कि उन्होंने शालिग्राम गर्ग को खुद गोली चलाते देखा।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप : “शालिग्राम गर्ग और उसके साथियों ने मुझे पीटा। शालिग्राम ने डंडे से सिर पर वार किया और पिस्तौल से तीन-चार राउंड फायर किए। उसने गांव की काफी जमीन पर पहले से कब्जा कर रखा है और किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है।”
पुलिस जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
घायल किसान और उनके भाई ने फायरिंग का आरोप शालिग्राम गर्ग पर लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब तक नहीं आया पक्ष
इस मामले में शालिग्राम गर्ग अथवा बागेश्वर धाम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनके पक्ष के सामने आने का इंतजार है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!