भोपाल. एमपी की दतिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए बीजेपी से आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा की गई है. आशुतोष तिवारी मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं. उन्हें कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त था. पहली बार आशुतोष तिवारी पर बीजेपी ने भरोसा जताया है. आशुतोष तिवारी भांडेर तहसील के पिपरौआ कलां के रहने वाले हैं. इधर, नरोत्तम का टिकट कटने से नाराज़ समर्थकों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, कल बाजार बंद का ऐलान किया है।
मैं एक छोटा कार्यकर्ता हूं, पार्टी का आभार – आशुतोष
मीडिया से चर्चा के दौरान उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने कहा कि मेरे ओर से कोई दावेदारी नहीं की गई थी. बीजेपी उम्मीदवार के लिए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के प्रचार करने के सवाल पर आशुतोष तिवारी ने कहा- स्वाभाविक हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं. मैं एक छोटा कार्यकर्ता हूं, पार्टी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं.
2020 में पूर्व सीएम शिवराज ने बनाया था हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष
आशुतोष तिवारी एमपी बीजेपी के वरिष्ठ संगठनात्मक नेता हैं. वे लंबे समय तक पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे हैं. वर्ष 2020 में उन्हें मप्र गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया था. यह नियुक्ति पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की थी.
भोपाल और ग्वालियर संभाग संगठन मंत्री की संभाल चुके जिम्मेदारी
आशुतोष तिवारी भोपाल और ग्वालियर संभाग के संगठन मंत्री सहित कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. उन्हें संगठन के रणनीतिक और पर्दे के पीछे काम करने वाले नेताओं में माना जाता है.
2023 के चुनाव में 7742 वोटों से हारे थे बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा
2023 के विधानसभा चुनाव में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बीजेपी से बड़े दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन नरोत्तम मिश्रा को कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने 7742 वोटों से हराया था. राजेंद्र भारती को 88 हजार 977 वोट मिले थे. जबकि नरोत्तम मिश्रा को 81 हजार 235 वोट मिले थे.
भारती की सदस्यता खत्म होते ही नरोत्तम की जागी थी उम्मीद
पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर बीजेपी ने सबसे चौंकाने वाला निर्णय लिया है. जबकि नरोत्तम मिश्रा 2023 का चुनाव हारने के बाद से ही चुनावी तैयारी में जुट गए थे. पूर्व कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म होने के बाद से नरोत्तम खुद को उम्मीदवार मान रहे थे. पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दो दिन पहले ही दतिया विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए नामांकन लिया था. उन्होंने उप चुनाव के लिए क्षेत्र में प्रचार-प्रसार भी तेज कर दिया था. राजनीतिक गलियारों में बीजेपी से नरोत्तम मिश्रा को मजबूत दावेदार माना जा रहा था


