दतिया में चुनावी बिगुल, 30 जुलाई को वोटिंग; 3 अगस्त को आएगा फैसला

भोपाल ब्यूरो

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव का बिगुल बज गया है। निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया। तय कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनावी प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। कार्यक्रम जारी होने के साथ ही भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 6 जुलाई को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में अंतिम प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थी। एक मामले में उन्हें दो वर्ष से अधिक की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म कर दी गई थी। इसी कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
अब उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। हालांकि अन्य राजनीतिक दल भी अपने प्रत्याशी उतार सकते हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही दतिया में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सभी दल जीत के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम
6 जुलाई – अधिसूचना जारी, नामांकन शुरू
13 जुलाई – नामांकन की अंतिम तिथि
14 जुलाई – नामांकन पत्रों की जांच
16 जुलाई – नाम वापस लेने की अंतिम तिथि
30 जुलाई – मतदान
3 अगस्त – मतगणना
4 अगस्त – चुनाव प्रक्रिया पूर्ण

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!