NEET-UG थी एग्जाम के लिए इंटिमेशन स्लिप जारी, 21 जून को होगी दोबारा परीक्षा

नई दिल्ली. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने रविवार को NEET-UG 2026 री-एग्जाम के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है. मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी परीक्षा नगरी (एग्जाम सिटी) की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई परीक्षा के पुनः आयोजन की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया गया था, जिसमें देशभर से 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था. परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आने पर व्यापक विवाद खड़ा हो गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा रद्द कर दी गई थी और दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया. वर्तमान में कथित पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जा रही है.

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की घोषणा के अनुसार NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी. परीक्षा देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पेन और पेपर मोड में होगी. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी.

एनटीए द्वारा जारी सिटी इंटिमेशन स्लिप के माध्यम से अभ्यर्थियों को यह जानकारी मिलेगी कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित की जाएगी. हालांकि यह दस्तावेज प्रवेश पत्र नहीं है. परीक्षा केंद्र का पूरा पता और अन्य आवश्यक विवरण अभ्यर्थियों को जारी किए जाने वाले एडमिट कार्ड में उपलब्ध कराया जाएगा. एजेंसी ने बताया है कि प्रवेश पत्र बाद में अलग से जारी किए जाएंगे.

सिटी इंटिमेशन स्लिप डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां उपलब्ध लिंक पर क्लिक कर आवेदन संख्या, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करने के बाद अभ्यर्थी अपनी परीक्षा नगरी की जानकारी देख सकते हैं. इसके बाद वे स्लिप डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट भी सुरक्षित रख सकते हैं.

एनटीए ने अपने नोटिस में कहा है कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में अभ्यर्थियों की प्राथमिकता का विशेष ध्यान रखा गया है. अधिकतम छात्रों को उनकी पहली पसंद के शहर में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है. एजेंसी का मानना है कि इससे अभ्यर्थियों को यात्रा और अन्य व्यवस्थाओं में सुविधा मिलेगी.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!