जबलपुर. एमपी के जबलपुर में क्राइम ब्रांच की टीम ने पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी को बरेला क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है. विभिन्न मामलों, राजस्व संबंधी गंभीर अनियमितताओं, जमीन नामांतरण में बड़े पैमाने पर की गई गड़बडिय़ों और कानूनी विवादों में नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस की टीम सरगर्मी से तलाश में जुटी रही.
बताया गया है कि सुकून होटल प्रकरण के सामने आने के बाद से पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठील के खिलाफ पुलिस अधिकारियों ने जांच तेज कर दी थी. जांच में अवैध निर्माण को लेकर साक्ष्य एकत्र किए गए, इसके बाद तलाश शुरु कर दी. तलाश के दौरान क्राइम ब्रांच को खबर मिली कि विवेक त्रिपाठी बरेला क्षेत्र में फरारी काट रहे है. जिसपर बरेला पुलिस की मदद से क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश देकर पकड़ लिया.
विवेक त्रिपाठी की गिरफ्तारी के बाद से ही पूरे प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में भारी हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी विवेक त्रिपाठी से पूछताछ कर रहे हैं. गौरतलब है कि पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी का विवादों से बहुत पुराना नाता रहा है और वे पिछले काफी समय से पुलिस और जांच एजेंसियों की रडार पर चल रहे थे. उन पर राजस्व विभाग में एक जिम्मेदार पद पर पदस्थ रहते हुए बड़े पैमाने पर वित्तीय और प्रशासनिक गड़बडिय़ां करने के अत्यंत गंभीर आरोप लगे हैं.
विशेषकर जमीन के नामांतरण से जुड़े मामलों में सरकारी नियमों की अनदेखी कर मनमाने फैसले लेने, अपने पदीय अधिकारों का गलत इस्तेमाल करने के मामलों में पुलिस लगातार साक्ष्य जमा कर रही थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेक त्रिपाठी से शहर के अन्य थानों में उनके खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों और शिकायतों को लेकर भी सघन पूछताछ की जा रही है. पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यदि जांच के दौरान अन्य पुराने या नए मामलों में भी उनके खिलाफ गड़बड़ी के पर्याप्त और ठोस सबूत हाथ लगते हैं, तो उन सभी प्रकरणों में भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा










