सागर/ शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पद पर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा मनोनीत किए जाने के पश्चात, डिप्टी कलेक्टर विजय डहेरिया ने महाविद्यालय का प्रथम औपचारिक निरीक्षण एवं भ्रमण किया। इस दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने उनका स्वागत किया और संस्थान की गतिविधियों से अवगत कराया।
प्रशासनिक एवं अकादमिक शाखाओं का सूक्ष्म निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत में डिप्टी कलेक्टर विजय डहेरिया ने स्थापना शाखा पहुंचकर लिपिकों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने नोडल ऑफिस, प्रवेश हेल्पडेस्क और परीक्षा विभाग का अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सहायता के लिए बनाए गए हेल्पडेस्क की सराहना की और प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।
कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रयासों पर जोर
भ्रमण के दौरान डिप्टी कलेक्टर डहेरिया ने स्वामी विवेकानंद प्रकोष्ठ का विशेष अवलोकन किया। प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. प्रतिभा जैन ने उन्हें संचालित विभिन्न रोजगार मूलक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने अध्यक्ष महोदय को बताया कि डॉ. जैन के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं को ब्यूटीशियन, पेंटिंग, मेहंदी, वादन, गायन और मीडिया जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। श्री डहेरिया ने इन नवाचारों को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
अधोसंरचना विकास कार्यों का अवलोकन
श्री डहेरिया ने महाविद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को परखते हुए कैंटीन, सेमिनार हॉल, एनसीसी, एनएसएस और खेलकूद विभाग का दौरा किया। उन्होंने बीएड भवन में चल रहे रिनोवेशन कार्य और भूगोल लैब के नवनिर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण करने की बात कही।
पर्यावरण संरक्षण की सराहना
डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि जन भागीदारी समिति अध्यक्ष एवं डिप्टी कलेक्टर विजय डेहरिया ने परिसर भ्रमण के दौरान महाविद्यालय के उद्यान में स्थापित वर्मी कम्पोस्ट यूनिट और वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को देखा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए इन वैज्ञानिक प्रयासों की उन्होंने प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा, जिन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया।








