रीवा. एमपी के रीवा में पुलिसवालों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया. शहर के बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस लाइन कॉलोनी में देर रात एक पुलिसकर्मी ने अपने ही साथी पुलिसकर्मी पर प्राणघातक हमला कर दिया. इस हमले में हेड कांस्टेबल मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के संबंध में घायल मुकेश तिवारी की पत्नी सुभाषिनी तिवारी और उनके बेटे आदित्य तिवारी ने बताया कि मुकेश तिवारी वर्तमान में मनगवां थाने में पदस्थ हैं और कलेक्ट्रेट/कोर्ट ड्यूटी पर तैनात हैं. रविवार 10 मई की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच वे ड्यूटी से खाना खाने के लिए टिफिन लेने अपने शासकीय आवास पहुंचे थे. जैसे ही उनका बेटा दरवाजा खोलने निकला.
घात लगाकर बैठे थे आरोपी
पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी कांस्टेबल चालक सुरेंद्र पांडे, उनके बेटे समन पांडे और दो अन्य साथियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया. परिजनों का आरोप है कि आरोपी सुरेंद्र पांडे पिछले तीन-चार दिनों से बिना किसी ठोस कारण के मुकेश तिवारी और उनके परिवार को मां-बहन की गालियां दे रहा था और विवाद कर रहा था. परिजनों ने बताया कि आरोपी का कॉलोनी में काफी आतंक है और वह अक्सर लोगों को परेशान करता है, लेकिन डर के मारे कोई उसके खिलाफ आवाज नहीं उठाता.
परिजनों के बयान दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रभारी एसपी आरती सिंह मौके पर पहुंचीं. उन्होंने अस्पताल जाकर घायल का हालचाल जाना और परिजनों के बयान दर्ज किए. बिछिया पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल सुरेंद्र पांडे, उनके बेटे और अन्य साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है. फरार सभी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं. वर्तमान में मुकेश तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है और वे अस्पताल में उपचाराधीन हैं.









