जबलपुर.संस्कारधानी जबलपुर से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है जिसने न केवल डिजिटल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि वैवाहिक वेबसाइटों के जरिए जीवनसाथी तलाशने वाले परिवारों के मन में भी खौफ भर दिया है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर जालसाज के खिलाफ जांच शुरू की है जिसने खुद को ‘क्राइम ब्रांच का डीएसपी’ बताकर एक महिला का भरोसा जीता और फिर पिछले पांच वर्षों तक उसे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से अपना गुलाम बनाए रखा।
यह पूरा मामला साल 2020 में तब शुरू हुआ जब जबलपुर की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला ने ‘शादी डॉट कॉम’ पर अपना प्रोफाइल बनाया था। वहां उसकी मुलाकात रांझी के नरसिंह नगर निवासी मनमीत सिंह गुजराल से हुई, जिसने बड़े ही आत्मविश्वास के साथ खुद को पुलिस विभाग के अपराध शाखा का बड़ा अधिकारी बताया। रसूखदार पद, वर्दी का रूतबा और शादी का प्रस्ताव देखकर पीड़िता और उसका परिवार पूरी तरह झांसे में आ गया। आरोपी इतना शातिर था कि वह महिला के परिजनों से भी मिला और उनके बीच अपनी पहचान एक सम्मानित पुलिस अधिकारी के रूप में स्थापित कर ली, जिससे किसी को भी उसकी नीयत पर रत्ती भर भी शक नहीं हुआ।
घटना के भयावह मोड़ तब शुरू हुए जब एक दिन आरोपी मनमीत सिंह ने महिला को गौरीघाट क्षेत्र में बुलाया और उसे अपना घर दिखाने के बहाने एक सुनसान इलाके में ले गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वहां आरोपी ने अपनी असलियत दिखाते हुए उसके साथ न केवल मारपीट और गाली-गलौज की, बल्कि जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए। इस दौरान आरोपी ने बड़ी ही चालाकी से महिला की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए, जिन्हें उसने ब्लैकमेलिंग का हथियार बना लिया। पिछले पांच वर्षों से यह सिलसिला लगातार जारी रहा, जहाँ आरोपी उन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। डरी-सहमी दो बच्चों की मां समाज में बदनामी के डर से इस नर्क को झेलती रही, लेकिन आरोपी की दरिंदगी और आर्थिक मांगें समय के साथ बढ़ती ही गईं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे डरा-धमकाकर अपने घर ले जाता था और बार-बार उसका शोषण करता था।
इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि आरोपी मनमीत सिंह गुजराल के पास केवल इस पीड़िता के ही नहीं, बल्कि कई अन्य युवतियों की भी आपत्तिजनक सामग्री मौजूद है। वह इन फोटो और वीडियो को अलग-अलग मोबाइल फोन और कंप्यूटर के फोल्डर्स में सुरक्षित रखता था ताकि भविष्य में अन्य लड़कियों को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल कर सके। जांच में यह भी सामने आया है कि इस शातिर अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और कई अदालती मामले उस पर पहले से लंबित हैं। इसके बावजूद आरोपी ने अपनी हरकतों से बाज न आते हुए साल 2024 में मदन महल क्षेत्र की एक अन्य युवती से शादी भी कर ली। जब पीड़िता की सहनशक्ति जवाब दे गई और उसे पता चला कि वह केवल एक मोहरा बनकर रह गई है, तो उसने हिम्मत जुटाई और जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।









