बिलासपुर में एक शादी उस वक्त चर्चा का विषय बन गई जब दुल्हन ने नशे में पहुंचे दूल्हे के साथ फेरे लेने से साफ इंकार कर दिया. घटना मंगलवार की है, जहां खुशी का माहौल अचानक विवाद और हंगामे में बदल गया.
जानकारी के अनुसार, दूल्हा राजू मांडले बारात लेकर तय समय पर दुल्हन के घर पहुंचा, लेकिन घोड़ी से उतरते ही वह लड़खड़ाने लगा. उसकी हालत देखकर दुल्हन और उसके परिवार को शक हुआ कि वह शराब के नशे में है. जैसे ही यह बात स्पष्ट हुई, दुल्हन ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया.
दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. बारातियों ने हंगामा किया, वहीं लड़के पक्ष ने आरोप लगाया कि उन्हें कई घंटों तक रोके रखा गया और बंधक जैसा व्यवहार किया गया. हालांकि, लड़की पक्ष का कहना है कि उन्होंने केवल स्थिति स्पष्ट करने के लिए लोगों को रोका था.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया. रात भर कई बार पंचायत और बातचीत का दौर चला, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही.
आखिरकार, बिना शादी के ही बारात को वापस लौटना पड़ा. यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे दुल्हन के आत्मसम्मान और साहसिक फैसले के रूप में भी देखा जा रहा है.









