जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी-बीना मेमू ट्रेन में जमकर बवाल हो गया. अवैध वेंडर्स ने यात्रियों पर जमकर हमला किया है, जिसमें दो यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है.
बताया जाता है कि कटनी से बीना जा रही मेमू ट्रेन (11602/61620) में अवैध वेंडरों और यात्रियों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. इस हमले में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद ट्रेन काफी देर तक रुकी रही और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
रीठी के पास शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ट्रेन कटनी से रवाना होने के कुछ ही देर बाद रीठी स्टेशन के पास दमोह के यात्रियों और सलैया के अवैध वेंडरों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया. आरोप है कि विवाद के दौरान वेंडरों ने धारदार हथियारों से यात्रियों पर हमला कर दिया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
बकलेहटा स्टेशन पर बढ़ा हंगामा
ट्रेन जब बकलेहटा स्टेशन पहुंची तो नाराज यात्रियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. कुछ यात्री इंजन में घुसने की कोशिश करने लगे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई. हालात को देखते हुए लोको पायलट ने ट्रेन रोककर कंट्रोल रूम को सूचना दी.
दोनों पक्षों में जमकर पथराव, मची अफरा-तफरी
दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को आता देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को रीठी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. मामले की जांच जारी है.









