BJP विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ IPS एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, सरकार से एक्शन लेने लिखी चिट्ठी

भोपाल. मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के द्वारा करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ को धमकाने के मामले में अब (इंडियन पुलिस सर्विस) आईपीएस एसोसिएशन मैदान में उतर आया है. एसोसिएशन ने पत्र लिखकर विधायक प्रीतम लोधी की भाषा को अशोभनीय और अमर्यादित बताते हुए पत्र जारी किया है. इस पत्र के जरिए आईपीएस एसोसिएशन ने विधायक प्रीतम लोधी पर कार्रवाई की मांग भी की है.

आईपीएस एसोसिएशन ने पत्र में लिखा है- पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ (भापुसे) के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है. उक्त वीडियो में डॉ. आयुष जाखड़ नव नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियां तथा दी गई धमकियां पूर्णत: अमर्यादित एवं अशोभनीय हैं. यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है.

अमर्यादित भाषा स्वीकार्य नहीं, कार्रवाई हो

पत्र में आगे लिखा गया है- जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें. इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है. मध्यप्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है एवं उचित कार्यवाही की मांग करता है. आज बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है कि आज सिविल सर्विस दिवस के दिन ही एक सिविल सेवा के अधिकारी के साथ किया गया इस तरह के व्यवहार के संबंध में यह नोट जारी करना पड़ रहा है.

बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने दी है धमकी

बता दें कि बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के एक के बाद एक तीन वीडियो सामने आए हैं जिनमें वो एसडीओपी को धमकाते नजर आ रहे हैं. एक वीडियो में धमकाते हुए कह रहे हैं कि करैरा क्या तुम्हारे डैडी का है जबकि दूसरे में कह रहे हैं कि, मेरा हाथ पहले ढाई किलो का था, लेकिन अब ढाई सौ किलो का हो गया है, इसकी (एसपी, एसडीओपी) बेचैनी दूर कर दूंगा. प्रीतम लोधी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे ये भी कहा कि, 10 हजार लोगों को ले जाकर एसडीओपी के बंगले को गोबर से भर दूंगा. साथ ही, उन्होंने शिवपुरी एसपी से स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा कि, बताए दिल्ली से इनको कौन चला रहा है? कौन फरमान दे रहा है? मोदी, अमित शाह या सिंधिया? इतना ही नहीं, उन्होंने नए वीडियो में शिवपुरी पुलिस को भी 15 दिन की खुली चुनौती दे दी है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!