पुलिस की जुआं फड़ पर दबिश, 21 जुआरी गिरफ्तार, 45 लाख का मशरूका बरामद

सागर संवाददाता 

जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सागर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। प्रशिक्षु आईपीएस और सुरखी थाना प्रभारी दीपांशु के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बहेरिया थाना क्षेत्र के रुसल्ला के जंगलों में दबिश देकर अंतरराज्यीय स्तर के जुआ गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से 21 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रुसल्ला के घने जंगलों में बड़े पैमाने पर जुआ संचालित हो रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने पूरी योजना के साथ जंगल की घेराबंदी की और जुआरियों को भागने का मौका दिए बिना रंगे हाथों दबोच लिया। इस कार्यवाही में थाना सुरखी, बहेरिया और सिविल लाइन का पुलिस बल शामिल रहा।
हथियार और वाहनों का जखीरा बरामद
पुलिस ने मौके से न केवल नकदी, बल्कि भारी मात्रा में वाहन और हथियार भी बरामद किए हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल और एक धारदार चाकू मिला है, जिससे इस गिरोह के खतरनाक होने की पुष्टि होती है।
जब्त सामग्री पर एक नजर:
* नकदी: ₹6,45,000/- (छह लाख पैंतालीस हजार रुपये)
* वाहन: 11 चार पहिया गाड़ियां और 22 मोटरसाइकिलें।
* गैजेट्स: 21 मोबाइल फोन।
* कुल मशरूका: लगभग ₹45 लाख आंकी गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
सफल कार्यवाही में उप निरीक्षक मनीषा तिवारी, सत्यव्रत धाकड़, सुरेंद्र सिंह, विद्यानंद यादव और राजेश शर्मा सहित प्रधान आरक्षक महेंद्र प्रभाकर, अमित और अन्य आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु की त्वरित निर्णय क्षमता और टीम समन्वय की सराहना की है।

सागर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन निर्भीक होकर सूचना दें, आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा — सागर पुलिस प्रशासन

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!