सागर संवाददाता
सागर के उपनगरीय क्षेत्र मकरोनिया में हनुमान जन्मोत्सव के दौरान निकाले जा रहे चल समारोह में बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार मकरोनिया थाने के नजदीक से शुरू हुई शोभायात्रा के दौरान डीजे सिस्टम का एक बड़ा हिस्सा अचानक रस्सी टूटने की वजह से सड़क पर आ गिरा। इस दर्दनाक हादसे में आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु डीजे के मलबे के नीचे दब गए। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए श्रीनगर (वार्ड क्रमांक 2) निवासी 14 वर्षीय बालक आर्यन कोरी की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जैसे ही भक्तों का हुजूम होटल पैराडाइज के पास पहुंचा, अचानक डीजे वाहन पर साउंड सिस्टम को बांधने के लिए इस्तेमाल की गई रस्सियां टूट गईं। वजन का संतुलन बिगड़ने के कारण डीजे का भारी-भरकम आधा हिस्सा सीधे नीचे सड़क पर नाच रहे भक्तों पर आ गिरा। भारी साउंड सिस्टम गिरते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल हो गया।










