वर्दी दागदार ..!, चेकिंग के दौरान गाड़ी में मिले 1 करोड़ कैश, 20 लाख लेकर छोड़ी, थाना प्रभारी सहित 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

भोपाल ब्यूरो 

मध्य प्रदेश के गुना जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। धरनावदा थाना क्षेत्र की रूठियाई पुलिस चौकी पर हाईवे चेकिंग के दौरान कथित रूप से एक करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध नकदी पकड़े जाने और बाद में सौदेबाजी कर छोड़ने के आरोपों से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और देर रात ग्वालियर रेंज के डीआईजी अमित सांघी स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने घंटों तक संबंधित पुलिसकर्मियों से सख्त पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटनाक्रम गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात का है। नेशनल हाईवे-46 पर स्थित रूठियाई चौकी के पास नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक स्कॉर्पियो (GJ 05 RK 9351) को रोककर तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि वाहन किसी जीरा कारोबारी का था। तलाशी के दौरान गाड़ी से नोटों के बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल राशि करीब एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
आरोप है कि इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद नियमानुसार आयकर विभाग या वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बजाय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से समझौते का रास्ता अपनाया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस और कारोबारी के बीच करीब 20 लाख रुपये में ‘डील’ तय हुई। आरोप यह भी है कि पुलिस ने यह राशि अपने पास रख ली और शेष करीब 80 लाख रुपये के साथ वाहन को जाने दिया गया। मामले में एक और नाटकीय मोड़ तब आया, जब यह चर्चा सामने आई कि गुजरात के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के फोन के बाद पुलिस ने कथित रूप से लिए गए 20 लाख रुपये भी जल्दबाजी में लौटा दिए। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।

जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना, पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी अमित सांघी देर रात धरनावदा थाना और रूठियाई चौकी पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद रिकॉर्ड खंगाले और घटना के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के अलग-अलग बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान डीआईजी ने कड़े सवाल किए और यह जानने का प्रयास किया कि इतनी बड़ी बरामदगी को आधिकारिक रिकॉर्ड में क्यों दर्ज नहीं किया गया और बिना वैधानिक कार्रवाई के वाहन को किसके निर्देश पर छोड़ा गया।

क्या बोले डीआईजी?
डीआईजी अमित सांघी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। वाहन चेकिंग के दौरान आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, इसलिए विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में गहराई से जांच की जाएगी, क्योंकि अभी तक वाहन चालक या मालिक की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्राथमिक जांच के आधार पर थाना प्रभारी सहित तीन अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। डीआईजी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!