विजय ठेकेदार, सागर
संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज की 650वी में जन्म जयंती के शुभ अवसर की पावन बेला पर विजयपुरा, पगारा रोड, शास्त्री वार्ड से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का आयोजन अहिरवार समाज के वरिष्ठ जिला लाठ चौधरी धर्मराज ठेकेदार के नेतृत्व में किया गया। शोभायात्रा प्रारंभ होने के पहले विजयपुरा, शास्त्री वार्ड स्थित संत रविदास मंदिर में संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज की दिव्य, भव्य, विराट महाआरती का आयोजन किया गया। जिस महाआरती के पश्चात भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, बैंड पार्टियां, अखाड़े, डीजे, धमाल पार्टियों, भजन मंडलियों से सुसज्जित शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए। ब्रास बैंड की मधुर कर्णप्रिय ध्वनि से संपूर्ण माहौल भक्तिमय होकर गुंजायमान हो गया। शोभायात्रा में विशेष रूप से बाहर से मंगाई गई आतिशबाजी की गड़गड़ाहट से संपूर्ण माहौल गूंज उठा। शोभायात्रा विजयपुरा, पगारा रोड, शास्त्री वार्ड से प्रारंभ होकर खुरई बस स्टैंड से होते हुए नगर के प्रमुख मार्ग मोतीनगर चौराहा, बड़े बाजार, तीनबत्ती, कटरा बाजार से होते हुए वापस विजयपुरा, शास्त्री वार्ड में समाप्त हुई। शोभायात्रा में सामाजिक समरसता, बंधुत्व की भावना के चलते समाज के विभिन्न वर्गों एवं संप्रदाय की ओर से हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं रविदास अनुयायी शामिल हुए। शोभायात्रा समापन के बाद भजन मंडली, गरबा मंडल, अखाड़ों का सम्मान किया गया। इसके पश्चात सायं कालीन समय में प्रत्येक घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। शोभा यात्रा समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों अनुयायियों ने विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। शोभा यात्रा के सफल आयोजन पर सागर जिले के लाठ चौधरी धर्मराज ठेकेदार ने सभी उचित व्यवस्था कराने के लिए संपूर्ण जनमानस एवं शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया। शोभा यात्रा में प्रमुख रूप से जिला लाठ चौधरी धर्मराज ठेकेदार, उमाकान्त विश्वकर्मा, अमित कुमार जैन, जय किरण पांडे, दिनेश सेठ, डॉ प्यारेलाल शास्त्री, रोहित कुमार, अर्जुन अहिरवार, दीपक यादव, अनुज पटेल, राकेश शुक्ला, अशफाक खान, सरदार दविंदर सिंह सहित संपूर्ण जनमानस विशेष रूप से उपस्थित रहें।











