तीन शादी करने वाले डॉक्टर ने बैंक मैनेजर को भी बनाया हवस का शिकार

कानपुर ब्यूरो 

उत्तरप्रदेश के पुखरायां (कानपुर देहात) स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डा. राजवीर सिंह के खिलाफ झांसा देकर दुष्कर्म करने एवं अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने के आरोप में एक युवती ने महिला थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। चिकित्सक महिला बैंक मैनेजर से भी दुष्कर्म का आरोपी है।
दुष्कर्म का विरोध करने पर कर ली शादी
मूल रूप से समथर थाना अंतर्गत एक गांव की युवती ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में उसकी जान पहचान जालौन के जुगराजपुरा गांव निवासी डा. राजवीर सिंह से हुई थी। राजवीर पहले से शादीशुदा था। उसने यह बात छिपाकर दोस्ती की। नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बना लिया। इसका विरोध करने पर शादी करने का झांसा दिया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। कोविड काल में उसने शादी कर ली। पुत्री के जन्म के बाद अचानक राजवीर अलग रहने लगा। घर आने पर तमंचा दिखाकर जान से मार डालने की धमकी देता था। इस दौरान उसे अन्य युवतियों से उसके संबंध का पता चला। पीड़िता ने बताया कि उससे शादी होने के बाद वह एक और शादी कर चुका है।

बैंक मैनेजर को बनाया निशाना
वर्ष 2021 में आरोपी डा. राजवीर ने जनपद शाहजहांपुर के कोतवाली निवासी महिला बैंक मैनेजर से भी दोस्ती की थी। शादी करने का झांसा देकर उससे भी दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बनाकर बैंक मैनेजर को भी ब्लैकमेल करता था। परेशान होकर उसने शाहजहांपुर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

कई युवतियों की जिंदगी से कर चुका खिलवाड़
आरोपी चिकित्सक के खिलाफ जालौन के रेंदर थाने में किसी अन्य महिला ने दहेज उत्पीड़न एवं जान से मारने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुष्कर्म पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने अन्य कई युवतियों को भी अपना शिकार बनाया है। हाल ही में उसने एक और युवती को शादी का झांसा देकर अपने झूठे प्रेमजाल में फंसा लिया है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि आरोपी को तलाशा जा रहा है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!