दिल्ली ब्यूरो
भारत रविवार को नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में इतिहास रचने से बस एक कदम दूर है। महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में टीम इंडिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। इस मैच की शुरुआत दोपहर तीन बजे से होगी और टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर ढाई बजे होगा। इस बार मुकाबले का दांव सिर्फ ट्रॉफी तक सीमित नहीं है, जीत के साथ भारत पर पैसों की बारिश भी होने वाली है। करीब 25 साल बाद महिला विश्व कप को नया चैंपियन मिलेगा।
आईसीसी ने टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले घोषणा की थी कि महिला वनडे विश्व कप 2025 की विजेता टीम को अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि मिलेगी। इस बार चैंपियन टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 39.55 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। यह इनामी राशि पिछले संस्करण यानी 2022 में हुए महिला वनडे विश्व कप की तुलना में चार गुना ज्यादा है।
पिछले महिला वनडे विश्व कप 2022 (न्यूजीलैंड) में विजेता टीम को 1.32 मिलियन डॉलर यानी करीब 11.65 करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन 2025 संस्करण में प्राइज मनी का ढांचा पूरी तरह बदल दिया गया है। इस बार कुल इनामी राशि 13.88 मिलियन डॉलर (करीब 122.5 करोड़ रुपये) होगी, जो 2022 के वर्ल्ड कप (3.5 मिलियन डॉलर यानी 31 करोड़ रुपये) से लगभग तीन गुना है। दिलचस्प बात यह है कि यह प्राइज मनी पुरुष वर्ल्ड कप 2023 (10 मिलियन डॉलर यानी 88.26 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा है। 2023 में हुए पुरुषों के वनडे विश्व कप की विजेता टीम ऑस्ट्रेलिया को 33.31 करोड़ रुपये मिले थे। वहीं, उपविजेता भारत को 16.65 करोड़ रुपये मिले थे।











