सागर/भोपाल ब्यूरो
बंगाल की खाड़ी के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बन गया है. मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इस मौसम प्रणाली के बुधवार को कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है. इसके साथ ही मानसून द्रोणिका के भी हिमालय की तलहटी से नीचे आने के आसार हैं. इस वजह से मध्य प्रदेश में एक बार फिर अच्छी बारिश का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है.
मध्य प्रदेश के 26 जिलों जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौंरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में बारिश के आसार हैं. शेष क्षेत्रों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक उमरिया में 67, ग्वालियर में 16, सीधी में 11, रीवा में छह, सागर में पांच और पचमढ़ी एवं मलाजखंड में एक मिलीमीटर बारिश हुई.
यहां बन रहा है चक्रवात
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, मानसून द्रोणिका वर्तमान में भटिंडा, पटियाला, देहरादून से हिमालय की तलहटी के पास से होते हुए अरुणाचल प्रदेश तक बनी हुई है. उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है. बंगाल की खाड़ी के मध्य में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है. इसके प्रभाव से बुधवार को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. उसके दो दिन में और गहराने के भी आसार हैं.











