दमोह ब्यूरो
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया विधानसभा से बीजेपी की विधायक रहीं सोनाबाई के पति सेवकराम अहिरवार ने दमोह के कुटुंब न्यायालय में अर्जी देकर अपने लिए पूर्व विधायक से 25 हजार रुपए प्रतिमाह भरण पोषण की राशि की मांग की है.
इस संबंध में पूर्व विधायक सोनाबाई का कहना है कि- जब मुझे अदालत से नोटिस मिलेगा, तब मैं इसका जवाब दूंगी, अभी मुझे कुछ नहीं कहना.
पूर्व विधायक सोनाबाई के पति सेवकराम का कहना है कि- वर्ष 1993 में सागर की सोनाबाई से उसका विवाह हुआ था, वर्ष 2003 में पत्नी ने राजनीति में प्रवेश किया, मैंने साथ दिया, सहयोग दिया, बीजेपी से 2003 में उन्हें पथरिया विधानसभा से विधायक का टिकट मिला और वह चुनाव जीत गईं.
शुरुआत में सब कुछ ठीक चला, लेकिन…. वर्ष 2009 में मेरी पत्नी मुझे अनदेखा करने लगी, अपमानित करने लगी और उसके बाद मुझे छोड़ दिया. करीब 17 साल से हम दोनों अलग हैं, वर्ष 2016 में मेरा एक्सीडेंट हुआ जिसमें मेरा एक पैर खराब हो गया और उसके बाद मैं दिव्यांग हो गया.
अब मैं मजदूरी भी नहीं कर सकता और मुझे अपना भरण-पोषण करने के लिए पैसों की जरूरत है, मेरी पूर्व विधायक पत्नी सोनाबाई को पचास हजार पेंशन मिलती है, इसलिए मैं चाहता हूं कि उसमें से पच्चीस हजार की राशि भरण-पोषण के रूप में मुझे दिलाई जाए!











